-सेलम-कोयंबटूर हाईवे पर अनियंत्रित बस कई वाहनों से टकराकर खाई में गिरी चैन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु के सेलम जिले में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। सेलम-कोयंबटूर नेशनल हाईवे पर एक सरकारी बस के अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकराने और खाई में गिरने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सभी केरल के निवासी और पेशे से शिक्षक बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस कोयंबटूर से सेलम की ओर जा रही थी। रास्ते में 13वें हेयरपिन मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क से उतर गई। अनियंत्रित बस ने पहले एक दोपहिया वाहन और एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी, जिनमें करीब 10 लोग सवार थे। इसके बाद बस नीचे की ओर फिसलते हुए 9वें हेयरपिन मोड़ के पास खाई में गिर गई। बस में पेरिनथलमान्ना से आए 13 पर्यटक सवार थे। इनमें से 8 लोगों (1 पुरुष और 7 महिलाएं) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बस चालक, दो किशोर और दो महिलाएं शामिल थीं। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फायर एंड रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया और स्थिति को नियंत्रण में किया गया। पीएम मोदी, खड़गे व सीएम विजयन ने शोक जताया इस घटना पर देशभर से शोक व्यक्त किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति शोक जताया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की। माताप्पुरम के पांग-पल्लीपरम्बा सरकारी स्कूल में शोक की लहर है, जहां सभी मृतक शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। हिदायत/ईएमएस 18अप्रैल26