क्षेत्रीय
18-Apr-2026


डोंबिवली, (ईएमएस)। मुंबई से सटे डोंबिवली शहर में पेंढारकर कॉलेज परिसर के पास एक बार फिर फेरीवालों की गुंडागर्दी सामने आई है। दरअसल कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) के एक अधिकारी पर हमले की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए केडीएमसी की टीम पेंढारकर कॉलेज इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान एक सैंडविच विक्रेता ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आक्रामक रुख अपनाया और अधिकारी पर बांबू से हमला कर दिया। इस हमले में केडीएमसी के अधिकारी सुरेश कामराज गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और फेरीवालों की बढ़ती दबंगई पर नियंत्रण की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है। संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस