मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में 20 अप्रैल को जिलास्तरीय ‘महिला लोकशाही दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हर महीने आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य समस्याग्रस्त और पीड़ित महिलाओं को अपनी शिकायतें रखने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। मुंबई शहर की महिला एवं बाल विकास अधिकारी शोभा शेलार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम सोमवार, 20 अप्रैल को जिला कलेक्टर कार्यालय, मुंबई शहर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा। महिला लोकशाही दिवस के लिए शिकायत आवेदन का निर्धारित प्रारूप जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी कार्यालय, 117 बी.बी.डी. चॉल, प्रथम मंजिल, वर्ली, मुंबई– 400018 में उपलब्ध है। इच्छुक महिलाओं को इसी निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना अनिवार्य होगा। प्रशासन के अनुसार, आवेदन व्यक्तिगत प्रकृति का होना चाहिए और उसके साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना जरूरी है। साथ ही, न्यायालय में लंबित मामले, अपूर्ण दस्तावेजों वाले आवेदन, सेवा या संस्थान से जुड़े मामलों तथा गैर-व्यक्तिगत शिकायतों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने पात्र महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए 022-24922484 पर संपर्क किया जा सकता है। स्वेता/संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस