कल्याण, (ईएमएस)। राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने कल्याण क्षेत्र में अवैध देसी शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3,000 लीटर हाथभट्टी (कच्ची) शराब जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लगभग 7.40 लाख रुपये का माल भी बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शराबबंदी कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र बबन भोईर और नयन मुकुंद म्हात्रे के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर भिवंडी बायपास स्थित मुंबई-नाशिक रोड के राजनोली गांव इलाके में जाल बिछाया गया। रात के समय एक संदिग्ध सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन नजर आई, जिसे टीम ने रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन के पीछे 70 बोरियों में कुल 300 प्लास्टिक की थैलियां मिलीं। प्रत्येक थैली में लगभग 10 लीटर अवैध देसी शराब भरी हुई थी। इस तरह कुल 3,000 लीटर शराब जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह शराब ठाणे जिले के देसाई गांव क्षेत्र में तैयार की गई थी और इसे नाशिक जिले में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। अब राज्य उत्पाद शुल्क विभाग इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है, जिसमें शराब बनाने वाले, सप्लायर और खरीददार शामिल हैं। वहीं मामले की जांच जारी है। संतोष झा-१८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस