ट्रेंडिंग
19-Apr-2026
...


-राहत-बचाव कार्य जारी, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका चैन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिला में स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में भीषण विस्फोट होने की घटना सामने आई है। इस दुर्घटना में अब तक 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर घायल होने के साथ ही कई अन्य के घायल होने की खबर है। फैक्ट्री में 30 लोगों के मौजूद होने की बात कही जा रही है, इससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जाहिर की गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट इतना जोरदार था कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल 16 लोगों के मृत होने की बात कही जा रही है, जबकि 6 गंभीर घायल बताए गए हैं। फैक्ट्री में दुर्घटना के समय 30 लोगों के होने की बात सामने आ रही है। विस्फोट के बाद सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने और घायलों को बाहर निकालने में जुट गईं। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। सीएम स्टालिन ने जताया दुख इस घटना पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि कट्टानापट्टी क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की खबर से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के निर्देश मुख्यमंत्री स्टालिन ने संबंधित मंत्रियों के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन और थंगम थेन्नरासु को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए गए हैं। फिलहाल प्राथमिकता राहत कार्यों को पूरा करना और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। हिदायत/ईएमएस 19अप्रैल26