नई दिल्ली(ईएमएस)। संगीत जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टी-सीरीज के संस्थापक दिवंगत गुलशन कुमार के छोटे भाई और कंपनी के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर दर्शन कुमार का शनिवार को दिल्ली में निधन हो गया। उन्होंने 70 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी मिलते ही पूरी फिल्म और संगीत इंडस्ट्री में मातम पसर गया है। दर्शन कुमार के निधन की पुष्टि प्रसिद्ध सिंगर मीका सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए की है। मीका सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दर्शन कुमार की एक तस्वीर साझा करते हुए भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने दर्शन कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा: दिल तोड़ने वाली खबर मिली कि दर्शन कुमार जी हमें अपनी खूबसूरत यादों के साथ छोड़कर चले गए। वे एक महान व्यक्ति थे और हमेशा सबकी मदद के लिए तैयार रहते थे। उन्होंने कई गायकों को सपोर्ट किया, उन्हें लॉन्च किया और अनगिनत प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया। माता रानी उनकी आत्मा को शांति दें। ओम शांति। दर्शन कुमार को विशेष रूप से पंजाबी और क्षेत्रीय संगीत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए जाना जाता है। हालांकि वे लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते थे, लेकिन पर्दे के पीछे रहकर उन्होंने संगीत जगत में कई नए कलाकारों के करियर को संवारा। दर्शन कुमार के निधन का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। दर्शन कुमार उस परिवार से ताल्लुक रखते थे जिसने भारतीय संगीत और फिल्म निर्माण की दिशा बदल दी। उनके बड़े भाई गुलशन कुमार ने 1983 में टी-सीरीज की स्थापना की थी, जो आज भारत की सबसे बड़ी म्यूजिक रिकॉर्ड लेबल और प्रोडक्शन कंपनी है। 1997 में गुलशन कुमार की असामयिक मृत्यु के बाद, उनके बेटे भूषण कुमार ने कंपनी की जिम्मेदारी संभाली, जिसमें दर्शन कुमार का मार्गदर्शन और भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। सोशल मीडिया पर कई हस्तियां और प्रशंसक दर्शन कुमार को याद कर रहे हैं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। संगीत उद्योग ने आज एक ऐसा व्यक्तित्व खो दिया है जिसने हमेशा पर्दे के पीछे रहकर कला और कलाकारों को बढ़ावा दिया। वीरेंद्र/ईएमएस/19अप्रैल2026 -----------------------------------