सिरोंज (ईएमएस)। भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नगर में रविवार को भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों का उत्साह देखते ही बना। यह रैली सर्व ब्राह्मण महापंचायत सिरोंज एवं राष्ट्रीय परशुराम सेना युवा वाहिनी सिरोंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। रैली का शुभारंभ श्री रामलला मंदिर, सिरोंज से हुआ, जो नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं नगरवासी रैली में शामिल हुए। भगवा ध्वज, भगवान परशुराम जी के जयघोष और धार्मिक उत्साह से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगर के विभिन्न स्थानों पर रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे आयोजन की भव्यता और अधिक बढ़ गई। आयोजकों ने बताया कि इस वाहन रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, संगठन और धर्म जागरण का संदेश प्रसारित करना है। रैली के दौरान उपस्थित समाजजनों ने भगवान परशुराम जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाजहित में एकजुट रहने का संकल्प लिया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। ईएमएस/मोहने/ 19 अप्रैल 2026