क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगला सुन्दर स्थित बढ़ईपुरा के खेतों में बने मकान के बाहर सो रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग सुघर सिंह की अज्ञात हमलावर ने सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सुघर सिंह रात में अपने खेत पर बनी चारपाई पर सो रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर शिकोहाबाद और आसपास के दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। परिजनों के अनुसार, करीब 5 वर्ष पहले मृतक ने अपने बड़े बेटे के नाम दो बीघा जमीन कर दी थी, जिसके चलते विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस भी इस एंगल पर जांच कर रही है और बेटे पर शक जताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सिरसागंज अनिवेश कुमार ने बताया कि नगला सुन्दर में एक वृद्ध व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। प्रथम दृष्टया सिर में चोट लगने से मौत प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फील्ड यूनिट टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। - ईएमएस