कवर्धा (ईएमएस)। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में एक दंपती द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों के शव घर के अंदर अलग-अलग फंदों पर लटके मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी (34) और रीना चंद्रवंशी (29) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों कुछ समय से गांव में अलग रह रहे थे। उनके घर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को संदेह हुआ। बताया जा रहा है कि रामलाल के पिता जब घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखने पर दोनों के शव फंदे पर लटके दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शवों को नीचे उतारकर पंचनामा किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पहले रायपुर में रह रहे थे और करीब एक महीने पहले ही गांव लौटे थे। वे अलग घर लेकर रह रहे थे। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला के मुताबिक, आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी एक संभावित कारण के रूप में सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026