रायपुर(ईएमएस)। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक बड़ी लापरवाही सामने आई। छत्तीसगढ़ शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गईं। घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई, जब वे लगभग 10 मिनट तक लिफ्ट के अंदर बंद रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट के अंदर न पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था। इससे अधिकारी को काफी घबराहट हुई। इमरजेंसी अलार्म और हेल्पलाइन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं, जिसके कारण मदद पहुंचने में देरी हुई। सूत्रों के मुताबिक, असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी ऋचा शर्मा ने अपने मोबाइल फोन से अधिकारियों को सूचना दी और इस दौरान डॉ. रोहित यादव से संपर्क कर पावर बैकअप तथा सोलर सिस्टम को लेकर भी सवाल उठाए। घटना की जानकारी मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर आने के बाद उनकी हालत असहज बताई गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि करेंसी टावर में लिफ्ट फंसने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किया है। टावर में बड़ी संख्या में ऑफिस और दुकानें चल रही हैं तथा सातवीं मंजिल पर जिम होने के कारण रोजाना भारी आवाजाही रहती है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026