रायपुर(ईएमएस)। राजधानी के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर आरोपियों को उस समय पकड़ा, जब वे मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्षित मोटवानी, लकी पाहुजा और हनी गंगवानी के रूप में हुई है। मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और सट्टे से जुड़ी अन्य सामग्री जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबर और ऐप्स के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा जल्द ही रायपुर पुलिस के अधिकारी करेंगे। एसीसीयू (ACCU) टीम को लंबे समय से इस इलाके में ऑनलाइन सट्टा संचालन की सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और पुख्ता इनपुट मिलने पर यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026