इस्लामाबाद,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके प्रतिनिधि पाकिस्तान जाएंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दोहराई कि अगर ईरान शांति समझौता करने में नाकाम रहता है, तो उसके पुलों और बिजली संयंत्रों को तबाह कर दिया जाएगा। ट्रंप की यह घोषणा उस समय आई है, जब एक हफ़्ता पहले अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में सीधी बातचीत हुई थी। इस बातचीत का मकसद दोनों देशों के बीच चल रहे टकराव को खत्म करना था, लेकिन यह बातचीत बेनतीजा रही। दूसरे दौर की वार्ता को लेकर इस्लामाबाद में तैयारियां शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि 10,000 से 20,000 पुलिसवालों को तैनात किया गया है। इसके अलावा इस्लामाबाद और रावलपिंडी में 600 से ज़्यादा चेकपॉइंट बनाए गए हैं। आधी रात से नूर खान एयरबेस और इस्लामाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आस-पास के कई सेंसिटिव इलाकों को सख़्त सिक्योरिटी लॉकडाउन में रखने का निर्देश भी दिया है। सिराज/ईएमएस 20अप्रैल26