अंतर्राष्ट्रीय
20-Apr-2026


प्योंगयांग,(ईएमएस)। उत्तर कोरिया ने एक बार फिर दुनिया को अपनी सैन्य शक्ति दिखाई। सोमवार को क्लस्टर बमों से लैस बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया। यह इस महीने में दूसरी बार है जब उत्तर कोरिया ने इस प्रकार की घातक तकनीक का इस्तेमाल किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम अमेरिकी और दक्षिण कोरियाई रक्षा प्रणालियों को भेदने की उत्तर कोरिया की रणनीति का हिस्सा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण कोरिया, जापान और अमेरिका ने उत्तर कोरिया के पूर्वी तट से दूर कई बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण का पता लगाया है। जारी तस्वीरों में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और उनकी बेटी एक तटीय निगरानी क्षेत्र से पानी के ऊपर से गुजरते हुए एक प्रक्षेपास्त्र को देखते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों ने काले रंग की चमड़े की जैकेट पहनी हुई है। दक्षिण कोरिया की खुफिया सेवा ने कहा था कि किम की बेटी का नाम किम जू ऐ है और वह किम की उत्तराधिकारी बन सकती हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि किम ने ‘क्लस्टर’ बम से लैस सतह से सतह पर मार करने वाली पांच उन्नत ‘ह्वासोंग-11 का’ बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण का निरीक्षण किया। मिसाइलों ने एक द्वीप को निशाना बनाया और किम ने प्रक्षेपणों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मारक क्षमता को बढ़ाने के लिए यह बहुत अहम है..। सिराज/ईएमएस 20अप्रैल26