नई दिल्ली (ईएमएस)। कनॉट प्लेस स्थित होटल द रॉयल प्लाजा में सोमवार रात एक युवक ने 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजेश सिंह (26) के रूप में हुई है। वह दिल्ली हाईकोर्ट में वकालत कर रहे थे और राजधानी के महावीर एन्क्लेव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल को शाम करीब 6:30 बजे राजेश सिंह ने होटल में चेक-इन किया था। अगले दिन 19 अप्रैल को रात 9:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि होटल से एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी है। कनॉट प्लेस थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए। होटल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई। घटनास्थल से घायल युवक को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया गया है। परिवार के सदस्यों के बयान के अनुसार, इस घटना में किसी प्रकार की संदिग्धता या फाउल प्ले (हत्या, मारपीट या किसी के द्वारा जानबूझकर की गई गलत हरकत जिससे मौत) नहीं है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और संबंधित धाराओं के तहत कार्यवाही शुरू कर दी गई है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/20/अप्रैल /2026