क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सोमवार को एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस जेपीसी अस्पताल पहुंची, जहां घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान इस्माइल पुत्र लुकमान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि सुबह इस्माइल अपने घर के पास मोहम्मद इरशाद के साथ बैठा था। इसी दौरान आरोपित दानिश वहां से गुजर रहा था। पुरानी रंजिश के चलते घूरने की बात पर आरोपित भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा, जिससे विवाद बढ़ गया। इसी बीच शाहिद अली मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपित ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी आंख पर चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपित चाकू लेकर आया और इस्माइल के सीने, पेट और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के बाद स्थानीय लोग घायल इस्माइल को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और फोटोग्राफी की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित दानिश की तलाश जारी है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/20/अप्रैल /2026