गुना (ईएमएस)। जिले में बढ़ते तापमान के साथ वाहनों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार को नानाखेड़ी मंडी गेट के सामने चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ ही पलों में पूरा वाहन लपटों में घिर गया। इस घटना ने आसपास मौजूद लोगों में दहशत पैदा कर दी। जानकारी के अनुसार स्कूटी दिलीप रघुवंशी की थी, जिसे उनकी पत्नी बाजार जा रही थीं। इसी दौरान अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों को पेट्रोल टैंक फटने का डर सताने लगा, जिसके चलते लोग दूर हटकर खड़े हो गए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि पिछले पंद्रह दिनों में यह तीसरी घटना है, जब किसी वाहन में आग लगी है। इससे पहले बांसखेड़ी क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में आग लग गई थी, वहीं राघौगढ़ के साडा बाजार में एक शोरूम के सामने खड़ी इलेक्ट्रिक गाड़ी भी आग की चपेट में आकर जल गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से शहरवासियों में चिंता का माहौल है। लोगों का मानना है कि अत्यधिक गर्मी और तकनीकी खामियों के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। नागरिकों ने प्रशासन से वाहनों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।। - सीताराम नाटानी