पीएम मोदी और ली जे म्युंग की बैठक, रक्षा-व्यापार समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत दौरे पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में अहम द्विपक्षीय बैठक की। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच विशेष सामरिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस खास बैठक के दौरान व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी, अर्धचालक (सेमीकंडक्टर), बैटरी निर्माण और साइबर सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। साथ ही इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए साझा रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने इस मुलाकात को भारत-दक्षिण कोरिया विशेष सामरिक साझेदारी को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच यह विशेष सामरिक साझेदारी वर्ष 2010 में स्थापित हुई थी, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं। वर्तमान में द्विपक्षीय व्यापार 30 बिलियन डॉलर से अधिक है और भारत कोरियाई कंपनियों के लिए एक प्रमुख निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा है। राष्ट्रपति ली जे म्युंग की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब वैश्विक स्तर पर सप्लाई चेन, क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को लेकर नई चुनौतियां सामने हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच बढ़ता तालमेल इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकता है। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति ली ने भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया मिलकर शांति, विकास और साझा समृद्धि की दिशा में एक मजबूत भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। हिदायत/ईएमएस 20अप्रैल26