गरियाबंद (ईएमएस)। जिले के राजिम स्थित श्याम नगर, परतेवा, धूमा और देवरी को जोड़ने वाली सड़क की हालत मरम्मत के कुछ ही समय बाद फिर से बदहाल हो गई है। करीब दो महीने पहले रिपेयरिंग के नाम पर किए गए कार्य के बावजूद सड़क से डामर उखड़ चुका है और मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित रहा। डामर उखड़ने के बाद सिर्फ सतही सफाई की गई, लेकिन न तो गुणवत्तापूर्ण मरम्मत हुई और न ही नई डामर परत डाली गई। इसका नतीजा यह हुआ कि सड़क की स्थिति फिर से खराब हो गई। इसका सीधा असर स्थानीय लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर पड़ रहा है। शादी–विवाह, जनेऊ और अन्य कार्यक्रमों में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण वाहनों के टायर खराब होने और छोटी गाड़ियों के फंसने का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। धूल और कम रोशनी के चलते रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा बन गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत कर जल्द से जल्द स्थिति में सुधार किया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026