नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएसएलएसए) ने नौ मई को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित करने की घोषणा की है। लोक अदालत सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक दिल्ली हाई कोर्ट समेत राजधानी के सभी जिला अदालत परिसरों कड़कड़डूमा, साकेत, पटियाला हाउस, राउज एवेन्यू, द्वारका, रोहिणी और तीस हजारी में लगेगी। इस दौरान तलाक के मामलों को छोड़कर अन्य सिविल और कंपाउंडेबल आपराधिक मामलों के साथ ट्रैफिक चालानों का निपटारा किया जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 31 जनवरी 2026 तक के कंपाउंडेबल चालान (रेड लाइट जंप को छोड़कर) इसमें शामिल किए जाएंगे। राजधानी में दो करोड़ से अधिक लंबित चालानों को देखते हुए इस बार दो लाख चालान निपटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 200 विशेष बेंच बनाई जाएंगी, जिनमें प्रत्येक बेंच को 1000 चालान निपटाने का लक्ष्य दिया गया है। चालान निपटाने के लिए लोगों को चार से सात मई के बीच ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर जाकर स्लाट बुक करना होगा। इसके बाद चालान डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट लेकर निर्धारित समय पर संबंधित कोर्ट में उपस्थित होना होगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/ अप्रैल /2026