क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। शहर के बस स्टैंड स्थित माजीसा राइस मिल में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी मात्रा में अनाज व बारदाना जलकर राख हो गया।जानकारी के अनुसार, आग बिजली के सर्किट में हुए फॉल्ट से लगी, जिससे निकली चिंगारी पास रखे बारदाने पर गिर गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मिल में काम करने वाले कर्मचारियों ने तत्काल संचालक सिद्धार्थ जैन को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन घना धुआं और आग की तीव्रता के कारण शुरुआत में अंदर जाना मुश्किल हो गया। दमकल कर्मियों ने करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान लगभग 22 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया। इस हादसे में मिल में रखा करीब 1000 क्विंटल चावल और धान तथा लगभग 50 हजार बारदाने जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यह नुकसान लाखों रुपये में बताया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026