क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


- AI से लेकर संस्कृति तक 20 अधिक प्रतियोगिताएं धमतरी (ईएमएस)। जिले में पहली बार ‘युवा उत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित यह इंटर कॉलेज प्रतियोगिता 24 और 25 अप्रैल को पीजी कॉलेज ग्राउंड में होगी। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इसमें जिले समेत प्रदेश के अन्य कॉलेजों के विद्यार्थी भी भाग ले सकेंगे। इस दो दिवसीय उत्सव में 20 से अधिक विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें वाद-विवाद, फोटोग्राफी, एकल व समूह नृत्य-गायन, म्यूजिकल बैंड, क्विज, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा में रैम्प वॉक, आर्ट-क्राफ्ट प्रदर्शनी और फूड फेस्ट प्रमुख हैं। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं में खो-खो, कबड्डी, दौड़, शतरंज और रस्साकशी भी आयोजित होंगी। आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए AI प्रतियोगिता, साइंस व कृषि तकनीकी प्रदर्शनी, रोबोटिक्स वर्कशॉप और स्टार्टअप गतिविधियां भी रखी गई हैं। इसके अलावा E-Cell के तहत फोटो एडिटिंग, यूट्यूब कंटेंट क्रिएशन, मेंटल हेल्थ और AI वर्कशॉप आयोजित कर युवाओं को नई दिशा देने की कोशिश की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ी संगीतमय शाम में आरु साहू, “द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा” (राजिम) और रायपुर का “आवाज क्रांति बैंड” प्रस्तुति देंगे। वहीं 25 अप्रैल को वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी युवाओं को प्रेरित करेंगे, जिसके बाद बस्तर का प्रसिद्ध “डायरा बैंड” अपनी प्रस्तुति देगा। कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम को तीन कैटेगरी में आयोजित किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी स्वयं विद्यार्थियों को दी गई है। पीजी कॉलेज और नगरी कॉलेज सहित विभिन्न कॉलेजों के चयनित छात्रों की टीम इवेंट मैनेजमेंट संभालेगी। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 21 अप्रैल 2026