कांकेर(ईएमएस)। जिले के कुलगांव स्थित अजीबी एग्रो राइस मिल में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में मिल परिसर में रखे धान और बारदाने के ढेर इसकी चपेट में आ गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई। वहीं राइस मिल मालिक मोहम्मद आवेश भी घटनास्थल पर पहुंचे। मालिक के अनुसार, आग की चपेट में आने से चावल, धान और बड़ी मात्रा में खाली बारदाना पूरी तरह जल गया है। नुकसान का अभी सटीक आकलन नहीं किया जा सका है, लेकिन शुरुआती अनुमान में इसे बड़ा आर्थिक नुकसान बताया जा रहा है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धान के बोरों में लगी भीषण आग का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है। फिलहाल दमकल की टीम आग को पूरी तरह बुझाने में जुटी हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)21 अप्रैल 2026