जशपुर(ईएमएस)। जिले में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान के बाद अब जशपुर में प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर कार्यालय के बाहर जांच अभियान चलाकर बिना हेलमेट पहुंचे 28 शासकीय कर्मचारियों का चालान काटा गया। प्रत्येक से 500 रुपए के हिसाब से कुल 14 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया। दरअसल, शनिवार को कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में हेलमेट रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया गया था। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई थी, लेकिन इसका अपेक्षित असर नहीं दिखा। पुलिस ने सीधे कलेक्टर कार्यालय के गेट पर जांच शुरू की, जहां कई कर्मचारी बिना हेलमेट के पहुंचते मिले। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालान काटे और सख्त संदेश दिया कि नियम तोड़ने पर किसी को छूट नहीं मिलेगी। प्रशासन ने साफ किया है कि हेलमेट पहनना सभी शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों और पुलिस जवानों के लिए अनिवार्य किया गया है। यदि कोई कर्मचारी बार-बार नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी तंत्र को खुद नियमों का पालन कर आम लोगों के लिए उदाहरण पेश करना होगा। यह अभियान केवल कलेक्टर कार्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों में भी सघन जांच की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि बाइक सवार कर्मचारी हेलमेट और कार से आने वाले सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026