जांजगीर(ईएमएस)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम पौना में बारात के दौरान बाजा बजाने को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में 6 बाराती घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम खोखरा निवासी देवराज बरेठ बारात लेकर पौना पहुंचे थे। स्कूल पारा के पास बाराती नाच-गाना कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीणों ने बाजा बंद कराने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ा और गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में देवराज बरेठ के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट लगने पर उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान नकदी और मोबाइल फोन भी लूट लिए गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ग्राम पौना के नरेंद्र उर्फ लालू कश्यप, सरोज कश्यप, विमल कश्यप और संजय कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 अप्रैल 2026