-ट्रम्प कैबिनेट में दो महीने में तीसरी विदाई न्यूयॉर्क,(ईएमएस)। अमेरिका की श्रम सचिव लोरी चावेज-डेरेमर ने विवादों के बीच अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में महज दो महीनों के भीतर कैबिनेट छोड़ने वाली तीसरी सदस्य बन गई हैं। व्हाइट हाउस के संचार प्रमुख स्टीवन चिआंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके इस्तीफे की जानकारी देते हुए बताया कि वह अब निजी क्षेत्र में काम करेंगी। चावेज़-डेरेमर पर अपने सुरक्षा दल के एक सदस्य के साथ कथित संबंध, निजी यात्राओं को आधिकारिक दौरे के रूप में दिखाने, कार्यालय में अनुशासनहीनता और शराब सेवन जैसे गंभीर आरोप लगे थे। इन आरोपों के चलते उनके खिलाफ जांच भी चल रही थी, जिससे उनकी स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही थी। हाल के दिनों में ट्रम्प प्रशासन में इस्तीफा देने वाले तीनों वरिष्ठ अधिकारी महिलाएं रही हैं। इनमें पेम बॉन्डी, जिन्हें हाल ही में हटाया गया, और क्रिस्टी नोएम, जिन्हें पिछले महीने पद से बर्खास्त किया गया था, शामिल हैं। नोएम पर भी एक सलाहकार के साथ संबंधों के आरोप लगे थे, हालांकि उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया था। अपने कार्यकाल के दौरान चावेज़-डेरेमर ने श्रम विभाग की कई नीतियों में बदलाव किए। उन्होंने ब्यूरो ऑफ इंटरनेशनल लेबर अफेयर्स द्वारा विदेशी गैर-सरकारी संगठनों को दिए जाने वाले अनुदानों को रद्द कर दिया, जो बाल श्रम और जबरन मजदूरी के खिलाफ कार्यक्रमों के लिए थे। इस फैसले की व्यापक आलोचना हुई थी। व्हाइट हाउस के अनुसार, उनके डिप्टी कैथ सॉन्डर्लिंग को कार्यवाहक श्रम सचिव नियुक्त किया गया है। हालांकि, ट्रम्प ने उनके इस्तीफे पर सीधे कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन प्रशासन की ओर से जारी बयान में उनके कार्यकाल की सराहना की गई। विवादों के बीच उनके चीफ ऑफ स्टाफ और संबंधित सुरक्षा कर्मी को पहले ही पद से हटाया जा चुका था। इसके अलावा, उनके पति शॉन डेरेमर के खिलाफ भी कार्यालय में दुर्व्यवहार के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद उन्हें कार्यालय आने से प्रतिबंधित कर दिया गया था। 58 वर्षीय चावेज़-डेरेमर ओरेगन से प्रतिनिधि सभा की पूर्व सदस्य रह चुकी हैं। उनका कार्यकाल नीतिगत बदलावों और विवादों के कारण लगातार चर्चा में रहा, और अंततः बढ़ते दबाव के बीच उन्हें पद छोड़ना पड़ा। हिदायत/ईएमएस 21अप्रैल26