-कानून-व्यवस्था मजबूत करने का दावा -सतारा, सांगली समेत कई जिलों में नई तैनाती; मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र सरकार ने कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 9 अधिकारियों का तबादला किया है। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत सतारा, सांगली, गढ़चिरौली, कोल्हापुर और जलगांव जैसे अहम जिलों में नई नेतृत्व व्यवस्था लागू की गई है। तबादला आदेश के अनुसार, तुषार दोशी को सतारा के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर सांगली का एसपी बनाया गया है। हाल ही में सतारा जिला परिषद चुनाव विवाद के चलते वे चर्चा में थे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठी थी। उनकी जगह निखिल पिंग्ले को सतारा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जो पहले पुणे में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात थे। वहीं, संदीप घुग को सांगली से हटाकर मुंबई स्थित राज्य खुफिया विभाग में पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) बनाया गया है। योगेश गुप्ता को कोल्हापुर से गढ़चिरौली रेंज में पुलिस उप महानिरीक्षक (अतिरिक्त प्रभार) के रूप में भेजा गया है। इसके अलावा, निलोलपला को गढ़चिरौली से कोल्हापुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि एम रमेश को पदोन्नत कर गढ़चिरौली का एसपी बनाया गया है। अन्य बदलावों में महेश्वर रेड्डी को जलगांव से राज्य अपराध जांच विभाग, पुणे स्थानांतरित किया गया है। श्रीकांत धिवारे को धुले से जलगांव का एसपी बनाया गया, जबकि राजकुमार शिंडे को पुणे से वाशिम में पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात किया गया है। सरकार ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि इस बदलाव को सुचारू रूप से लागू किया जाए और सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। गौरतलब है कि तुषार दोषी हाल ही में सतारा जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव के दौरान हुए विवाद के कारण सुर्खियों में रहे थे। उस दौरान मतदान केंद्र के भीतर मंत्रियों शम्भुराज देसाई और मकरंद पाटिल के बीच हाथापाई हुई थी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठे थे। आरोपों के बीच राज्य के मुख्यमंत्री देवेंन्द्र फणनवीस ने मामले की जांच के आदेश दिए थे और दोषी को पहले अनिवार्य अवकाश पर भेजा गया था। यह व्यापक फेरबदल राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।