- 75 कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण, घर-घर डेटा संग्रह की प्रक्रिया समझाई गई कांकेर (ईएमएस)। प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर विकासखंड स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन और तहसीलदार कुलदीप ठाकुर के मार्गदर्शन में पीएम श्री सेजेस दुर्गूकोंदल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। प्रशिक्षण के पहले दिन 75 कर्मचारियों को जनगणना कार्य की विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें 13 सुपरवाइजर और 62 प्रगणक शामिल हैं। मास्टर ट्रेनर्स मनीष गौतम, बाबूलाल कोमरे, दिग्विजय सलामे और राजेंद्र सहारे ने जनगणना की पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में मकान सूचीकरण, भवन नंबरिंग, नक्शा निर्माण और परिवार विवरण संकलन पर विशेष जोर दिया गया। प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे, जबकि सुपरवाइजर इस प्रक्रिया की निगरानी और सत्यापन करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान एचएलओ ऐप, स्व-गणना प्रपत्र भरने, ऑनलाइन डेटा एंट्री और सत्यापन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि एचएलओ ऐप में 34 प्रपत्र शामिल हैं, जिन्हें सही तरीके से भरना अनिवार्य होगा। साथ ही मोबाइल ऐप के उपयोग और तकनीकी सावधानियों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगा, जबकि वर्तमान में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना प्रक्रिया जारी है। इस दौरान नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं, जिसे बाद में प्रगणक द्वारा सत्यापित किया जाएगा। प्रशिक्षण में बताया गया कि पहले चरण में मकान की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, वाहन, परिवार संरचना जैसी मूलभूत जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके बाद मार्च 2027 में दूसरे चरण में सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विवरण जुटाया जाएगा अधिकारियों ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसे पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करना आवश्यक है। इस दौरान कई फील्ड ट्रेनर और विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे। - ईएमएस (राकेश गुप्ता) / 21 अप्रैल 2026