कांकेर(ईएमएस)। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने चिंता जताते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त पालन और विशेष अभियान चलाने की मांग की है। शिवसेना प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने कहा कि जिले और आसपास के क्षेत्रों में हाल के दिनों में सड़क हादसों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। अधिकांश मामलों में हेलमेट का उपयोग न करना, तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी प्रमुख कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन दुर्घटनाओं में आम नागरिक, युवा और राहगीरों की जान खतरे में पड़ रही है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया जाए और नियम उल्लंघन पर तुरंत चालान की कार्रवाई की जाए। साथ ही तेज रफ्तार वाहन, बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और नाबालिग चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की भी मांग की गई है। शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान भोला पाल, बलराम व्यापारी, संत पटेल, गौतम सरकार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)21 अप्रैल 2026