गौर-बरेला मार्ग पर ग्रामीणों ने लगाया जाम, लाश रखकर किया प्रदर्शन जबलपुर, (ईएमएस)। सोमवार 20 अप्रैल को खिरैनी जमतरा में अवैध खननकारियों पर छापेमारी के दौरान मची भगदड़ में आकाश बर्मन नामक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से हुई मौत के मामले में आज मंगलवार को ग्रामीणों ने गौर-एकता मार्केट के पास हाईवे पर मृतक का शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को 10 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जाए तथा मैत के लिए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। स्थिति को देखतें हुए एसडीएम सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ने ग्रामीणों से चर्चा कर मामले को शांत कराया। वहीं मृत युवक के परिजनों को एक लाख की आर्थिक सहायता तत्काल दी गई। इसके साथ ही शासन की अन्य योजनाओं के माध्यम से भी आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का लिखित आश्वासन दिया। एसडीएम ने युवक मौत के कारणों की जांच कराए जाने का भरोसा ग्रामीणो को दिलाया। गौरतलब हो कि गौर पुलिस चौकी के अंतर्गत नर्मदा नदी के खिरैनी जमतरा घाट में अवैध रेत उत्खनन की सूचना जिला प्रशासन को मिली थी, जिस पर कार्रवाई करने एसडीएम के नेतृत्व में एक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान टीम को देख कर मौके पर भगदड़ की स्थिति बनी और कुछ युवक नदी की ओर भागे। इसी दौरान आकाश बर्मन नामक युवक नदी में गिर गया और गहराई में चले जाने के कारण वह बाहर नहीं आ सका। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीणों का आरोप था कि युवक को जानबूझकर नदी में गिराया गया था जिसके बाद से ग्रामीण आक्रोशित थे। अजय पाठक / मोनिका / 21 अप्रैल 2026/ 02.44