- सुराग देने वाले को 50 हजार के ईनाम की घोषणा जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर देहात के पाटन थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर के बाड़े में खड़े नए ट्रैक्टर को पार कर दिया जबकि मौके पर उसका पुराना ट्रैक्टर जस का तस खडा पाया गया। उक्त वारदात सरसरटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पीडित किसान ने उसके ट्रेक्टर का पता बताने वाले को 50 हजार रुपये ईनाम देने का ऐलान किया है। प्राप्त दजानकारी के अनुसार पाटन के ग्राम टिमरी निवासी किसान नरेंद्र कुमार साहू ने 16 अप्रैल की शाम खेत से लौटकर अपने नए और पुराने दोनों ट्रैक्टर घर के पास बने बाड़े में खड़े किए थे। बीती दरमियानी रात करीब ढाई बजे पूरा परिवार कूलर की हवा में सो रहा था, तभी अज्ञात चोर बाड़े में घुसे और डेढ़ साल पहले खरीदा गया नया ट्रैक्टर स्टार्ट कर ले गए जबकि पुराना ट्रैक्टर वहीं खड़ा रह गया। 17 अप्रैल की सुबह जब नरेंद्र साहू बाड़े में पहुंचे तो नया ट्रैक्टर गायब था। इसके बाद गांव और आसपास तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। किसान और उसके साथियों ने पाटन से जबलपुर और फिर बरेला तक करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इन फुटेज में एक व्यक्ति ट्रैक्टर को मंडला की ओर ले जाते हुए दिखाई दिया है। पीडित किसान ने पाटन थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। साथ ही चोरी गए ट्रैक्टर के बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम देने का भी ऐलान किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के रूट को ट्रैक किया जा रहा है। अजय पाठक / मोनिका / 21 अप्रैल 2026/ 02.46