- लूट का शिकार युवक पहुंचा साहब की चौखट पर, पुलिस पर अर्जी फाड़ने का आरोप। गुना (ईएमएस) ।। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एक अजीब और भावुक दृश्य देखने को मिला, जब एक युवक बदहवास हालत में अर्धनग्न अवस्था में फटा हुआ आवेदन हाथ में लेकर न्याय की गुहार लगाता नजर आया। युवक की हालत और उसकी पीड़ा ने मौके पर मौजूद लोगों को कुछ देर के लिए ठहरने पर मजबूर कर दिया। वह कभी रोता तो कभी गुस्से में अपनी आपबीती सुनाता रहा। जानकारी के अनुसार युवक की पहचान बरखेड़ागिर्द गांव निवासी खेरू आदिवासी के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि उसने मेहनत मजदूरी कर करीब पांच लाख रुपए जोड़े थे, जिन्हें कुछ अज्ञात लोगों ने टोल टैक्स के पास रोककर छीन लिया। युवक का कहना है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और कपड़े तक फाड़ दिए गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो उसकी बात गंभीरता से नहीं सुनी गई और आवेदन फाड़कर भगा दिया गया। न्याय की उम्मीद में युवक सीधे कलेक्ट्रेट पहुंच गया, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उसे अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद उसने गेट के बाहर ही विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर दूसरा पक्ष भी सामने आया है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि युवक नशे में प्रतीत हो रहा था और उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं लग रही थी। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति बिगड़ती देख कलेक्ट्रेट में मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने युवक को समझाकर शांत करने का प्रयास किया। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है, जिसके बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।-सीताराम नाटानी