21-Apr-2026
...


-खड़गे ने कहा- राज्य के विकास में बाधा डाल रहीं बीजेपी और केंद्र सरकार चेन्नई,(ईएमएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तमिलनाडु में बीजेपी और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी और केंद्र सरकार राज्य के विकास में बाधा डाल रही हैं और उसके साथ “सौतेले बच्चे जैसा व्यवहार” किया जा रहा है। खड़गे ने चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि तमिलनाडु को उसके उचित अधिकार और विकास योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा क्षेत्र के लिए मिलने वाला फंड, विशेष रूप से समग्र शिक्षा योजना के तहत मिलने वाली राशि को रोका जा रहा है या उसमें कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह रवैया संघीय ढांचे और समान विकास के सिद्धांतों के खिलाफ है। खड़गे के मुताबिक केंद्र सरकार की नीतियां कुछ राज्यों को प्राथमिकता देती हैं, जबकि तमिलनाडु जैसे राज्यों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और विकास के मुद्दों पर किसी भी तरह का भेदभाव देश के भविष्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी राज्यों को समान अवसर और संसाधन मिलना चाहिए उनके इस बयान से राजनीतिक माहौल और गरमा गया है, खासकर तब जब दक्षिण भारत में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच फंड और नीति को लेकर पहले से ही बहस चल रही है। खड़गे का यह बयान केंद्र और विपक्षी दलों के बीच जारी राजनीतिक टकराव को और तेज करने वाला माना जा रहा है। सिराज/ईएमएस 21अप्रैल26 ----------------------------------