- कम किराए में सफर करेंगे यात्री, जून से मिलेगी सुविधा भोपाल (ईएमएस)। यात्रियों की बढ़ती संख्या और किफायती एसी यात्रा की मांग को देखते हुए रेलवे ने भोपाल मंडल से संचालित 10 प्रमुख ट्रेनों में कोच व्यवस्था में अहम बदलाव किया है। अब इन ट्रेनों में एक एसी-3 टियर कोच की जगह थर्ड एसी इकोनॉमी कोच जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को कम किराए में एसी यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। रेलवे के अनुसार, यह बदलाव चरणबद्ध तरीके से जून से लागू होगा। रानी कमलापति-रीवा एक्सप्रेस (12185/12186) में यह सुविधा 15 और 16 जून से शुरू होगी। इसी तरह रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12155/12156) में 17 और 20 जून से बदलाव लागू होगा। भोपाल-सिंगरौली (22165/22166), भोपाल-चोपन (11633/11634) और भोपाल-धनबाद (11631/11632) एक्सप्रेस ट्रेनों में भी 20 से 24 जून के बीच अलग-अलग तिथियों से यह सुविधा शुरू की जाएगी। सस्ती और आरामदायक यात्रा का उद्देश्य रेलवे का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को सस्ती और आरामदायक एसी यात्रा उपलब्ध कराना है। थर्ड एसी इकोनॉमी कोच में सामान्य एसी-3 टियर की तुलना में अधिक बर्थ होती हैं, जिससे ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सकेगी। - विनोद / 21 अप्रैल 26