क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


दतिया ( ईएमएस )| मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री निधि पिंटो के मार्गदर्शन में बाल विवाह मुक्त भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आज मंगलवार को स्थानीय स्तर पर स्टार स्वरोजगार संस्थान में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से मिटाना और बच्चों के संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनता को जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान सचिव द्वारा बताया गया कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक बुराई है, बल्कि कानूनन अपराध भी है। और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत बाल विवाह कराने वाले माता-पिता, पंडित और विवाह में सम्मिलित होने वाले अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। इसलिए यदि किसी को भी बच्चे के साथ दुर्व्यवहार की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस या संबंधित अधिकारियों को देना अनिवार्य है। सूचना छिपाना भी अपराध की श्रेणी में आता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रही श्रीमती स्वप्निल वर्मा व्यवहार न्यायाधीश द्वारा बाल विवाह रोकथाम के उपाय बताएं एवं कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाएं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करें। मुफ्त विधिक सहायता न्याय सबके लिए’ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, समाज के कमजोर वर्गों और बच्चों के लिए न्याय सुलभ बनाने हेतु दी जाने वाली सुविधाओं पर चर्चा की गई। ’निःशुल्क वकील’ आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों और सभी बच्चों को कानूनी लड़ाई के लिए सरकारी खर्च पर वकील उपलब्ध कराया जाता है। ’विधिक सहायता केंद्ररू’ तहसील और जिला स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालयों में जाकर कोई भी व्यक्ति अपनी कानूनी समस्याओं का समाधान पा सकता है। ’हेल्पलाइन नंबर’ किसी भी आपात स्थिति या कानूनी जानकारी के लिए ’15100’ (एनएएलएसए हेल्पलाइन) या ’1098’ (चाइल्ड लाइन) पर संपर्क किया जा सकता है। इस अभियान का मुख्य संदेश यह रहा कि बाल विवाह का अंत, ही खुशहाल बचपन का आरंभ है और शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो बाल विवाह को रोक सकती है। उक्त अभियान के दौरान स्टार स्वरोजगार संस्थान के प्रमुख श्री अरविंद कुमार नोडिया ,डारेक्टर आरसेटी सुरेंद्र प्रजापति, फेकल्टी राजू सेन ऑफिस असिस्टेंट श्रीमती निशा त्रिपाठी कंप्यूटर ट्रेनर एंड आल ट्रेनीस उपस्थित रहे इस दौरान बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली गई।