मुरैना (ईएमएस)| चम्बल संभागीय मुख्यालय स्थित चम्बल भवन, मुरैना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान चम्बल संभाग के आयुक्त सुरेश कुमार ने कुल 20 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई में उपस्थित नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएँ प्रस्तुत कीं। प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से राजस्व, पुलिस एवं भूमि विवाद, साफ-सफाई, नालियों के अवरुद्ध होने तथा जलभराव से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। आयुक्त सुरेश कुमार ने सभी आवेदनों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुनते हुए प्रत्येक प्रकरण की संक्षिप्त जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का निराकरण नियमानुसार, पारदर्शी प्रक्रिया के तहत तथा समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने आवेदकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान किया जाएगा।