क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


- पत्र लिखकर की सख्त कार्यवाई की मांग भोपाल (ईएमएस)। एमपी के शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे द्वारा किये गये सड़क हादसे के बाद पुलिस कार्यवाही को लेकर एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के खिलाफ विधायक प्रीतम लोधी द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर आईपीएस एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जताई है। विधायक ने कई बातें करते हुए यह भी कहा था, की ‘करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी’। इसे लेकर एसोसिएशन ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार एडीजी स्तर के अधिकारी चंचल शेखर ने पत्र में लिखा कि अधिकारी के खिलाफ टिप्पणी की गई। परिवार को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। विधायक के व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। इस तरह की भाषा और व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था की मर्यादा के खिलाफ है। एसोसिएशन का कहना है कि ऐसे बयानों से पुलिस अधिकारियों की निष्पक्षता और मनोबल पर असर पड़ता है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली प्रभावित होती है।जनप्रतिनिधियों से यह अपेक्षा की जाती है कि वे सार्वजनिक जीवन में संयमित और जिम्मेदार भाषा का उपयोग करें। पत्र में यह भी लिखा है की आईपीएस एसोसिएशन को इस बात पर भी गहरा खेद है, कि यह प्रेस नोट 21 अप्रैल यानी सिविल सर्विस डे के दिन जारी करना पड़ा। एसोसिएशन के अनुसार यह दिन लोक सेवकों के योगदान को सम्मान देने का होता है, लेकिन उसी दिन एक अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। - यह है मामला 16 अप्रैल सुबह 7:30 बजे संजय परिहार अपने साथियों के साथ बाइक से करैरा जा रहे थे। आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल थीं। पीछे आए दिनेश लोधी ने थार से पहले महिलाओं और फिर बाइक को टक्कर मारी। हादसे में 5 लोग घायल हुए थे। पुलिस ने दिनेश लोधी पर मामला कायम कर थार जब्त की थी। शनिवार को कोर्ट के आदेश के बाद रविवार को दिनेश लोधी करैरा थाने पहुंचा। यहां एसडीओपी आयुष जाखड़ और थाना प्रभारी विनोद छावई ने उससे एक्सीडेंट पर पूछताछ की। जांच में थार पर हूटर और शीशों पर काली फिल्म मिली। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट में चालान कर वाहन सुपुर्द किया। वहीं विधायक का कहना है की ने उन्होंने ही एसपी से कहकर बेटे पर एफआईआर कराई, गाड़ी भिजवाई और बेटे को थाने भेजा था। - कार्यवाही से भड़के भाजपा विधायक ने यह कहा भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने एसडीओपी आयुष जाखड़ के बारे में टिप्पणी की, वीडियो में वह एक तरह से उन्हें धमकाते हुए कहते नजर आ रहे है की करैरा के एसडीओपी के बंगले को 10 हजार लोगों को ले जाकर गोबर से भरवा देंगे। मेरा मुक्का पहले ढाई किलो का था, अब यह ढाई सौ किलो का हो गया है। इसके अलावा विधायक ने कहा था- करैरा तेरे डैडी का नहीं है एसडीओपी। अधिकारी अपनी औकात में रहें और कानून के दायरे में काम करें। कानून हमें भी आता है। - जुनेद / 21 अप्रैल 2026