- प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जताया आभार - योजना से मिला सम्मानजनक जीवन भोपाल (ईएमएस)। इंदौर जिले के राऊ नगर परिषद की रहने वाली 36 वर्षीय सुनीता तंवर के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) वरदान साबित हुई है। वर्षों तक एक जर्जर कच्चे मकान में असुरक्षा और टपकती छत के बीच रहने वाली सुनीता को योजना के तहत 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने अपना पक्का घर बनाने का सपना पूरा किया। अब उनका परिवार असुरक्षा के साये से निकलकर एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है। सुनीता की जीवनशैली में पक्के घर के निर्माण से क्रांतिकारी सुधार आया है। सब्जी की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाली सुनीता बताती हैं कि घर सुरक्षित होने से उनके तीनों बच्चों—शिवानी, राहुल और प्रिंस की पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है। अब बरसात के दिनों में पढ़ाई और नींद खराब होने का डर नहीं रहता। इस पक्के घर ने न केवल उनके परिवार के स्वास्थ्य में सुधार किया है, बल्कि समाज में उनका आत्मविश्वास और गौरव भी बढ़ाया है। सुनीता तंवर अपनी इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त करती हैं। आवास के साथ उन्हें आयुष्मान कार्ड और लाड़ली बहना योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है। वे कहती हैं कि सरकार की इन दूरदर्शी योजनाओं ने उनके जैसे कई गरीब परिवारों के सिर पर न केवल छत दी है, बल्कि उनके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखी है। - हरि प्रसाद पाल / 21 अप्रैल, 2026