राष्ट्रीय
21-Apr-2026
...


:: वीर दास, ज़ाकिर खान और पापोन करेंगे अगले चरण की अगुवाई; मई से जून तक देश के प्रमुख शहरों में सजेंगी महफिलें :: नई दिल्ली (ईएमएस)। वैश्विक वित्तीय सेवा प्रदाता मास्टरकार्ड ने भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित मल्टी-सिटी कॉन्सर्ट सीरीज़ के अगले चरण का अनावरण किया है। मनोरंजन की बदलती वैश्विक और भारतीय प्राथमिकताओं को देखते हुए इस बार मंच पर संगीत के साथ स्टैंड-अप कॉमेडी का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस गतिशील प्रारूप का नेतृत्व मनोरंजन जगत के तीन दिग्गज कलाकार - वीर दास, ज़ाकिर खान और पापोन करेंगे। ट्राइब वाइब और ईवा लाइव के सहयोग से तैयार इस श्रृंखला का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। विश्व स्तर पर ख्यात कॉमेडियन वीर दास नई दिल्ली के यशोभूमि में 9 और 10 मई को दो दिनों में चार विशेष शो के साथ मंच संभालेंगे। वहीं, अपनी संजीदा कॉमेडी के लिए मशहूर ज़ाकिर खान मुंबई के डोम (एसवीपी स्टेडियम) में 12, 13, 14, 19 और 20 जून को अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उनके कुल नौ शो आयोजित करने की योजना है। संगीतमय सफर की कमान संभाल रहे पापोन देश के छह प्रमुख शहरों में लोक और समकालीन संगीत की छटा बिखेरेंगे। उनका दौरा 16 मई को चंडीगढ़ से प्रारंभ होगा, जिसके बाद वे 29 मई को अहमदाबाद और 30 मई को लखनऊ में दर्शकों से रूबरू होंगे। जून के महीने में यह सुरीला सफर 6 जून को बेंगलुरु और 7 जून को हैदराबाद होते हुए अंततः 14 जून को इंदौर में संपन्न होगा। मनोरंजन से परे यह पहल एक गहरे सामाजिक उद्देश्य को भी पूरा कर रही है। लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन के माध्यम से मास्टरकार्ड दिल्ली, मुंबई, इंदौर, अहमदाबाद, बेंगलुरु, हैदराबाद, जयपुर और चंडीगढ़ के वंचित समुदायों के लगभग 90 युवाओं को इन भव्य आयोजनों का हिस्सा बनाएगा। इसका उद्देश्य इन युवाओं में आत्मविश्वास भरना और उन्हें आधुनिक एक्सपीरियंस इकोनॉमी के भीतर करियर के संभावित विकल्पों से परिचित कराना है। मास्टरकार्ड के इंडिया और साउथ एशिया प्रेसिडेंट गौतम अग्रवाल ने कहा कि हमारा ध्यान ऐसे अनुभव सृजित करने पर है जो दर्शकों के लिए यादगार होने के साथ-साथ समुदायों के लिए सार्थक भी हों। मास्टरकार्ड कार्डधारकों को टिकटों की प्राथमिकता वाली प्री-सेल और इवेंट वेन्यू पर लाउंज जैसी विशेष सुविधाएं भी दी जा रही हैं। प्रकाश/21 अप्रैल 2026