हाथरस (ईएमएस)। कोतवाली सदर क्षेत्र के आगरा रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा युवक की पहचान 32 वर्षीय रवि राजा पुत्र अनेक सिंह निवासी तमन्ना गढ़ी के रूप में की गई है। बताया गया है कि मृतक प्राइवेट नौकरी करता था और उसकी ससुराल आगरा के एत्मादपुर में है। मंगलवार सुबह वह अपनी बाइक से ससुराल जा रहा था। इसी दौरान आगरा रोड स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रवि उछलकर सड़क पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 21 अप्रैल 2026