21-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें और परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ अभ्यर्थियों की सघन जांच के लिए फ्रिस्किंग अनिवार्य की गई है। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला कर्मियों से कराने के निर्देश भी दिए गए।अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा परीक्षा केंद्रों तक मार्गदर्शन के लिए मैप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और टीवी स्क्रीन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को छह पालियों में आयोजित होगी। जनपद में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। अधिकारियों ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 21 अप्रैल 2026