- मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि, पूर्व में भी जा चुका है जेल पटना (ईएमएस)। पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की गई। सोमवार रात को हुई इस घटना में पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपित मनजीत कुमार उर्फ पीयूष को गिरफ्तार कर लिया है, जिसका पूर्व में भी ऐसा आपराधिक इतिहास रहा है। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित मनजीत कुमार उर्फ पीयूष बिक्रम थाना क्षेत्र का निवासी है और सोमवार को एक शादी समारोह में शामिल होने अपने ननिहाल आया था। देर रात उसने बच्ची को अकेला देखा और उसे सुनसान जगह पर ले जाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। दरिंदगी करने के बाद आरोपित बच्ची को वहीं बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गया। बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर उसके स्वजनों ने परेशान होकर खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद बच्ची बदहवास हालत में मिली, उसकी हालत देखकर स्वजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पालीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्ची के परिवार की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मनजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ और जांच में पता चला है कि आरोपित पूर्व में भी एक बच्ची के साथ ऐसी ही घिनौनी हरकत कर चुका है और उस मामले में जेल भी जा चुका है। इस घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध और आक्रोशित हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। सतीश मोरे/22अप्रैल ---