क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आपसी दुश्मनी में लोगों की सम्पत्ति को क्षति पहुंचाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। हाल के दिनों ऐसा देखा गया है कि इस तरह की रंजिश में घर के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है। राजधानी के मुखर्जीनगर और सोनिया विहार में ऐसे ही दो मामलों में दबंगों ने दो कारों को आग लगा दिया। एक में तो विरोध करने पर चाकू से हमला भी किया गया। मुखर्जी नगर में गली में खड़ी वैगनआर कार को एक व्यक्ति दिनदहाड़े आग लगाकर फरार हो गया। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में आराम से कार पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़कते और आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान और तलाश के प्रयास आरंभ कर दिए हैं। यह कार ऑनलाइन पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त करने वाले व्यवसायी की बताई जा रही है। यह घटना सोमवार की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में टोपी पहने एक युवक कंधे पर बैग लटकाए कार के पास पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसके बाद कार के पिछले हिस्से पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा देता है। मौके पर मौजूद गार्ड को इशारा करने के बाद आरोपी पैदल चला जाता है। कार में लगी आग को देखकर आस-पड़ोस के लोगों ने आग को बुझाया और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि कार मालिक तरुण कुमार कोहली ने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। पुलिस आग लगाने वाले शख्स की पहचान का प्रयास कर रही है। दूसरी घटना में पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में दबंगों ने गली में खड़ी एक कारोबारी की कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कारोबारी की पत्नी व उसके दो बेटों ने जब विरोध किया तो छह लोगों ने गली में महिला को पीट दिया व उसके दो बेटों पर चाकू से कई वार कर दिए। कारोबारी के घर पर पथराव भी किया। घायल हालत में रीता कश्यप और उनके बेटे अरुण व आर्यन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आर्यन की हालत गंभीर है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/22/अप्रैल /2026