कांकेर(ईएमएस)। जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज पर देर रात दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक समेत दो लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, भानुप्रतापपुर निवासी ऋषभ जैन (28) अपने दोस्त आयुष अग्रवाल के साथ एक अन्य व्यक्ति अमन तिवारी को कर्मचारी कॉलोनी छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे संबलपुर मेन रोड ओवरब्रिज के पास सामने से आ रही कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर मारने वाली कार का चालक नशे की हालत में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे में ऋषभ जैन के साथी आयुष अग्रवाल के कान और हाथ में चोट आई है। दूसरे वाहन के चालक को भी चोटें आई हैं। पूछताछ में उसने अपना नाम ज्ञानचंद कश्यप बताया, जो धमतरी में डिप्टी रेंजर के पद पर पदस्थ हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)22 अप्रैल 2026