नारायणपुर (ईएमएस)। जिले के ओरछा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम वेट्टेकल में पिछले एक साल से गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए गांव में चार पानी टंकियां तो स्थापित की गई हैं, लेकिन अब तक किसी भी टंकी से पाइपलाइन जोड़कर नियमित जल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ये टंकियां केवल दिखावे के लिए लगाई गई हैं, जबकि जमीनी स्तर पर पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय निवासी मनोज वर्धा और संतु पद्दा ने बताया कि गांव की महिलाओं को रोजाना दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे गांव में आक्रोश और निराशा दोनों बढ़ते जा रहे हैं। फिलहाल, ग्रामीण जल्द से जल्द पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जल आपूर्ति शुरू करने और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 अप्रैल 2026