अंबिकापुर(ईएमएस)। जिले के बनारस रोड पर असगरा नाले के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम कोटराही बसंतपुर निवासी जीवन लाल पंडो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम वह बाइक से अपने घर से कहीं जा रहा था। जैसे ही वह असगरा नाले के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल जीवनलाल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 अप्रैल 2026