कांकेर(ईएमएस)। जिले के चारामा ब्लॉक में एक निजी बस कंडक्टर द्वारा नाबालिग खिलाड़ी से मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना ‘मनीष ट्रेवल्स’ की बस (क्रमांक CG07E7801) में हुई। दोपहर करीब 3 बजे तीन नाबालिग खिलाड़ी कांकेर से क्रिकेट प्रशिक्षण लेकर घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान गर्मी के कारण एक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसे बस के अंदर ही उल्टी हो गई। आरोप है कि बस कंडक्टर नीरज मिश्रा ने बच्चे की मदद करने के बजाय गाली-गलौज की और बीमार बच्चे के साथ मारपीट की। इसके बाद नाबालिग से बस के अंदर हुई उल्टी को साफ भी करवाया गया। बताया जा रहा है कि बच्चों को कौरर चौक पर उतरना था, लेकिन कंडक्टर ने उन्हें वहां नहीं उतरने दिया और बस स्टैंड पर भी रोक दिया। बाद में डरा-धमकाकर उन्हें लगभग 500 मीटर आगे उतारा गया। घटना के बाद बच्चों ने पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी। इस मामले के सामने आने के बाद चारामा व्यापारी संघ ने भी कड़ा विरोध जताया और थाना प्रभारी एवं एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर अदालत में पेश किया गया। ईएमएस(राकेश गुप्ता)22 अप्रैल 2026