क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस (24 अप्रैल) से पहले जिले में जल संरक्षण और भूजल जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी ग्राम पंचायत भवनों की दीवारों पर निर्धारित प्रारूप में भूजल स्तर से संबंधित जानकारी अंकित की जा रही है। जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर ने धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी जनपद पंचायतों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके क्षेत्र के भूजल स्तर की वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराना और जल संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के तहत जल संसाधन विभाग, सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से आवश्यक आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। साथ ही ‘जल-दूत’ एप और पोर्टल के माध्यम से ग्राम स्तर पर अपलोड की गई सूचनाओं का उपयोग कर अद्यतन जानकारी संकलित की जा रही है। इस कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी ब्लॉकों में संबंधित विभागों के समन्वय से तय प्रारूप में भूजल स्तर की जानकारी पंचायत भवनों की दीवारों पर लिखवाई जाएगी। सीईओ ने कहा कि पंचायत भवनों पर भूजल स्तर का प्रदर्शन होने से ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। इससे वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग और भूजल पुनर्भरण जैसे प्रयासों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर हर पंचायत भवन में यह जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो और ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 अप्रैल 2026