क्षेत्रीय
22-Apr-2026
...


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। अहमदाबाद में अगले 48 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसे देखते हुए हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। अहमदाबाद में गर्मी अब अपने असली मिजाज में आ रही है। शरीर झुलसा देने वाली गर्मी से लोग त्राहिमाम पुकार उठे हैं। और अभी अगले 3 दिनों में तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है। पिछले वर्ष 30 अप्रैल को 44.8 डिग्री के साथ पिछले 15 वर्षों में अप्रैल का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था। फिलहाल अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य औसत से 0.8 डिग्री ज्यादा है। राज्य के अन्य शहरों में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। अमरेली में 41.1 डिग्री, राजकोट में 40.7 डिग्री और सुरेंद्रनगर में 40.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में पूरे राज्य में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह और मई महीने में गर्मी अपने चरम पर पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार गुजरात, महाराष्ट्र और पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में गर्मी सामान्य से अधिक पड़ेगी। राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के तटीय इलाकों में उमस और तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। सतीश/22 अप्रैल