अंतर्राष्ट्रीय
22-Apr-2026
...


बर्लिन,(ईएमएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत के लगभग सभी पड़ोसी देशों के साथ संबंध सामान्य हैं, लेकिन “एक ही ऐसा देश है जो परेशानी पैदा करता है।” उनके इस बयान को पाकिस्तान पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है। पहलगाम हमले की पहली बरसी के दिन दिए गए इस संबोधन में रक्षा मंत्री ने भारत की सैन्य क्षमता और हालिया अभियानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भारतीय सेना ने जो किया, वह बताने की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत की सैन्य शक्ति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि भारत ने कभी किसी देश पर आक्रमण नहीं किया है, लेकिन यदि कोई पड़ोसी देश भारत को उकसाने या अस्थिर करने की कोशिश करता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उनका यह बयान क्षेत्रीय सुरक्षा और भारत की रक्षा नीति को लेकर एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है। अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने भारत की आर्थिक उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जहां दुनिया के कई बड़े देश आर्थिक मंदी से जूझ रहे हैं, वहीं भारत करीब 7 प्रतिशत की विकास दर से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में हो रहे कार्यों को भी अभूतपूर्व बताया। रक्षा मंत्री राजनाथ ने यह भी कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और हर 10वां यूनिकॉर्न भारतीय है। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी भारत वैश्विक स्तर पर तीसरे स्थान पर है। वैश्विक व्यापार के संदर्भ में उन्होंने बताया कि अनिश्चितताओं के बीच भारत ने लगभग 38 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं, जो देश के व्यापारिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भारतीय उत्पादकों और निर्माताओं को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पाद बेचने के अधिक अवसर मिल रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 22अप्रैल26