बिलासपुर (ईएमएस)। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने देर रात चकरभाठा बोदरी शहर में बड़ी कार्रवाई की है। अवैध रूप से कच्ची शराब की भट्टी चढ़ाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से टिम ने 230 लीटर महुआ शराब और भारी मात्रा में लहान जप्त किया है। जिले में आबकारी विभाग के द्वारा लगातार सघन गस्त करते हुए अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई किया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व चकरभाठा और तखतपुर क्षेत्र में नशाखोरों को जेल भेजा गया था। इसी कड़ी में 21 अप्रैल 2026 को सुबह आबकारी बिल्हा के द्वारा बोदरी के वर्मा मोहल्ला में धावा बोलकर नशे के तीन सौदागरों को शराब का निर्माण करते हुए पकड़ लिया। आबकारी विभाग की टीम ने आढ़ोलिया मोहल्ले के राजकुमार वर्मा, विवेक वर्मा, संतु वर्मा के घरों में छापा मार कर जांच करने पर तीनों के द्वारा कच्ची शराब बनाने की भट्टी चढ़ा कर मदिरा निर्माण करते पाया। टिम ने राजकुमार वर्मा की कब्जे से 80 लीटर महुआ शराब तथा महुआ शराब बनाने के लिए तैयार लाहन 90 किलोग्राम जप्त किया। जबकि संतु वर्मा के घर से 70 लीटर कच्ची शराब और 75 किग्रा महुआ बरामद किया गया है। विवेक वर्मा के रिहायशी मकान से 80 लीटर महुआ शराब, 60 किग्रा लाहन, हाथ भट्टी शराब बनाने का पात्र झांझी-झोकनी जप्त किया गया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) क/च, 34(2), 59 (क) का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने तीनों को रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्यवाही सहायक जिला आबकारी अधिकारी छवि पटेल के नेतृत्व में किया गया। जिसमें आबकारी उपनिरीक्षक भूपेन्द्र जामडे, मुख्य आरक्षक अनिल पांडे, आरक्षक राहुल दुबे, मुन्नी देवांगन, दिशा लहरे एवं वाहन चालक संदीप खल्खो का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मनोज राज 22 अप्रैल 2026